हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य को स्पोर्टस हब बनाना चाहती है। पूरे प्रदेश में 525 खेल नर्सरियां बनाई जा रही हैं जिन पर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
मुख्यमंत्री आज यहां मोतीलाल नेहरू स्पोर्टस स्कूल राई में आयोजित तीन दिवसीय पं. दीनदयाल उपाध्याय स्मृति अखिल भारतीय नेशनल स्टाईल कबड्डी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राई स्पोर्टस स्कूल के हॉकी मैदान में हॉकी अकादमी के दो सेंटर फोर एक्सीलेंस रेजीडेंशियल (खेल नर्सरी)का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने स्कूल कैलेंडर का विमोचन किया और हॉकी पर हस्ताक्षर कर अकादमी को सौंपी। मुख्यमंत्री ने 60 बच्चों को किट भी प्रदान की।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के स्मृति दिवस के अवसर पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय सामाजिक चिंतक, शिक्षाविद् व समाज सुधारक थे।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा वर्तमान वर्ष को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्मृति में गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार भी इस वर्ष को हरियाणा स्वर्ण जयंती वर्ष के रूप में मना रही है। सरकार द्वारा अनेक योजनाएं शुरु की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने आज संपन्न हुई तीन दिवसीय राष्ट्रीय कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीमों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से खिलाडियों में नये जोश का संचार होता है।
मनोहर लाल ने कुश्ती व कबड्डी को हरियाणा की माटी से जुड़े खेल बताते हुए कहा कि राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि हर वर्ष 23 मार्च को शहीदी दिवस के अवसर पर 1 करोड़ की ईनामी राशि की कुश्ती प्रतियोगिता करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आगामी 23 मार्च को यह प्रतियोगिता अंबाला छावनी में होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अपने खिलाडियों को प्रोत्साहन के रूप में जो ईनामी राशि देती है उतनी पूरे विश्व में कहीं भी नहीं दी जाती।
उन्हेांने कहा कि हरियाणा के खिलाडियों ने ओलंपिक के साथ-साथ पैरालंपिक खेलों में भी प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा खेलों के अलावा देश की सुरक्षा में भी सबसे अव्वल भागीदारी कर रहा है।
सेना में हर 10वां जवान हरियाणा से है। उन्होंने बताया कि युवाओं को स्व-रोजगार के योग्य बनाने के लिए उनका कौशल विकास किया जा रहा है। इसके लिए प्रदेश में कौशल विकास यूनिवर्सिटी भी बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार स्नातकोत्तर तथा विज्ञान विषय में स्नातक युवाओं को 100 घंटे कार्य उपलब्ध करवाकर 9000 रुपये प्रतिमाह देगी।