नई दिल्ली (संवाददाता)- उत्तरी दिल्ली नगर निगम के तहत आने वाले रोहिणी दक्षिणी वार्ड में डेंगू व मलेरिया विरोध दिवस पर एक कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें में विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी विभिन्न प्रकार की जानकारी दी गई।
रोहिणी में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता उत्तरी दिल्ली नगर निगम में महिला कल्याण व बाल विकास समिति की अध्यक्षा संजना सिंह ने की, वहीं इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संसार सिंह, मंडलाध्यक्ष धर्मवीर कटारिया, विकास खत्री, भारत भूषण, अनीता सैनी व देवेंद्र गोयल समेत अनेक लोग मौजूद थे।
संजना सिंह ने कहा कि वार्ड में नियमित रूप से नालों, कूङेदानों व पार्को की सफाई करके कई प्रकार की खतरनाक बीमारियों को फैलने से रोका जा सकता है। इसके लिए जहाँ निगम द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रयास किए जा रहे हैं वहीं लोगों को खुद जागरूक होकर डेंगू व मलेरिया की रोकथाम में सहयोग करना होगा।
कार्यशाला के दौरान विभिन्न आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए मलेरिया विभाग के डॉ.जितेंद्र ने बताया कि डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियां हमारी लापरवाही के कारण होती हैं। अकसर देखा जाता है कि जागरूकता के अभाव में लोग कई प्रकार की बीमारियों को निमंत्रण दे देते है। ये साधारण सी दिखने वाली बीमारियां मानव के लिए कितनी खतरनाक साबित हो सकती है इस का अंदाज रोगियों की संख्या बढ़ने पर लगाया जा सकता है।
इसके लिए घरों के आसपास साफई का विशेष ध्यान रखना, खुले में पानी का जमा नहीं होने देना और ऐसे कुछ उपाय हैं जिन्हें करने से लोग इन बीमारियों की चपेट में आने से बच सकते हैं।