भाजपा शासित दिल्ली नगर निगम द्वारा प्रस्तुत बजट के बाद आम आदमी पार्टी के दिल्ली इकाई के संयोजक दिलीप पांडे ने इसका विश्लेषण कर शुक्रवार को एक लिस्ट जारी किया। रिर्पोट के मुताबिक, आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा ने दिल्ली नगर निगम को बर्बाद कर दिया है। जिससे दिल्ली की जनता परेशान है।
गौरतलब है कि निगम में इस वक्त भारतीय जनता पार्टी का शासन है जिन्होंने हाल ही में वित्तीय वर्ष 2017-2018 के लिए बजट प्रस्तुत किया।
आप के दिल्ली संयोजक का आरोप है कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम द्वारा प्रस्तुत बजट उसके अधिकार क्षेत्र में रहने वाले लोगों के साथ एक बेतुका मजाक है। बजट में उस वित्तीय संकट का जिक्र तक नहीं किया गया है जिसका निगम पिछले काफी दिनों से सामना कर रहा है। इसी वित्तीय संकट ने निगम के सारे कामकाज को ठप्प किया हुआ है।
दिलीप पांडे ने कहा कि निगम का यह बजट एक मेडिसिटी और सोलर एनर्जी में निवेश का वादा करता है जबकि निगम इसे वहन नहीं कर पाएगा यहां तक की निगम के कुल बजट को भी इस पर निवेश किया जाए तो भी यह संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि यह बजट भाजपा के दोहरे मापदंड को दर्शाता है जिसमें एक तरफ तो भारतीय जनता पार्टी के नेता दिल्ली के विधायकों की प्रस्तावित तनख्वाह वृद्धि का विरोध करते हैं और दूसरी तरफ वो अपने पार्षदों के लिए ऑफिस बनवा रहे हैं। उनको व्यक्तिगत ड्राइवर दे रहे हैं उन्हें स्वास्थ्य बीमा दे रहे हैं।
पांडे ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने अपने विधायकों को किसी प्रकार की कोई सुविधा नहीं दी है यहां तक कि किसी भी विधायक को एक ड्राइवर तक नहीं दिया है लेकिन निगम का यह निर्णय भाजपा की हैमानसिकता ही दर्शाता है कि वो अपने उन पार्षदों को ड्राइवर दे रहे हैं जिनकी तनख्वाह 3000 हजार रुपए है और इतनी सी तनख्वाह में उनके पास कार भी है।
भाजपा पर आरोप लगाते हुए पांडे ने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने पार्षदों के वेतन में बढ़ोत्तरी की मांग नहीं करता और उसका कारण यह है कि निगम के पार्षद तो दूसरे गलत रास्तों से भ्रष्टाचार करके खूब पैसा कमा लेते हैं।
दिलीप पांडे ने कहा कि निगम के इस बजट में यह भी आवंटित किया गया है कि उनके काउंसर को स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। निगम में बैठे नेताओं को जनता के स्वास्थ्य की चिंता ना होकर अपने स्वास्थ्य की चिंता है, ऐसा करना निगम में बैठे नेताओं के स्वार्थ को दर्शाता है जो जनता की चिंता कतई नहीं करते हैं।